ढाका. बंगाल की खाड़ी में मंगलवार को मलेशिया की एक नाव के डूब जाने से 15 रोहिंग्या नागरिकों की मौत हो गई। सेंट मार्टिन कोस्ट गार्ड कमांडर लेफ्टिनेंट नईमुल हक ने बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह बंगाल की खाड़ी में स्थित सैंट मार्टिन आईलैंड से सात किमी पश्चिम में हुई। नाव एक पत्थर से टकरा जाने के कारण पलट गई। उन्होंने बताया कि कम से कम 65 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि कई लापता हैं।
उन्होंने बताया कि नाव पर सिर्फ 50 लोगों को ले जाने की क्षमता थी जबकि उस पर 150 से ज्यादा लोग सवार थे। मृतकों में 11 रोहिंग्या महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। सभी बांग्लादेश के कॉक्स बाजार के शिविरों में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि दो नाव सोमवार रात को टेकनाफ तट से मलेशिया के लिए यात्रा शुरू की थी। सुरक्षित बचे यात्रियों ने बताया कि वे सभी मिडिलमैन के द्वारा मलेशिया ले जाए जा रहे थे। अन्य लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
अधिकतर रोहिंग्या शरणार्थी कॉक्स बाजार में रहने को मजबूर
2017 में म्यांमार में सेना ने रोहिंग्या मुसलमानों के खिलाफ अत्याचार शुरू कर दिया था। जिसके बाद करीब 7 लाख 30 हजार रोहिंग्या नागरिक भागकर बांग्लादेश में शरण ले लिया था। अधिकतर शरणार्थी कॉक्स बाजार के शिविरों में दिक्कतों के साथ रहने को मजबूर हैं। म्यांमार में बौद्ध संप्रदाय के लोगों की संख्या ज्यादा है। यूएन ने म्यामांर पर नृजातीय दमन का आरोप लगाया था लेकिन वह इससे इनकार करता रहा है।